मधेपुरा। सावन की अंतिम सोमवारी पर बिहार के प्रसिद्ध शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसी दौरान मधेपुरा के प्रसिद्ध बाबा सिंहेश्वर धाम मंदिर में जलाभिषेक के दौरान अचानक भीड़ बेकाबू हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में कई श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह से ही सिंहेश्वर धाम में बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे थे। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई। इसी बीच अचानक स्थिति बिगड़ने लगी और लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। अफरा-तफरी के कारण कई श्रद्धालु गिर पड़े, जिससे उनके घायल होने की सूचना मिली है।
सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर बिहार के कई प्रमुख शिव मंदिरों में विशेष व्यवस्था की गई थी। मुजफ्फरपुर के गरीबनाथ धाम, लखीसराय के अशोक धाम और मधेपुरा के सिंहेश्वर धाम में अलसुबह से ही श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए कतार में लगे रहे।
गौरतलब है कि पिछले सोमवार को लखीसराय के प्रसिद्ध अशोक धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में सात लोगों की मौत हुई थी और कई श्रद्धालु घायल हुए थे। घटना के बाद प्रशासन ने इस बार प्रमुख शिव मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरती।
इसके बावजूद सिंहेश्वर धाम में अचानक भीड़ के बेकाबू होने से प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े हुए हैं। घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद सुरक्षाकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। श्रद्धालुओं से संयम बनाए रखने और निर्धारित मार्ग से ही आगे बढ़ने की अपील की गई।
आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

