नई दिल्ली, 1 सितंबर 2026: केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री की सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के अतिरिक्त निजी सचिव आलोक कुमार सिंह की ओर से केंद्रीय गृह सचिव को भेजे गए एक पत्र में मंत्री को जान से मारने की धमकी मिलने की जानकारी दी गई है।
पत्र के मुताबिक, मंत्रालय को एक बिना हस्ताक्षर वाला संचार/पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें दो मोबाइल नंबर भी दर्ज थे। पत्र को खोले जाने के बाद उसमें केंद्रीय मंत्री को सीधे जान से मारने की धमकी मिलने की बात सामने आई। धमकी में कथित तौर पर कहा गया कि मंत्री को जल्द ही ‘कट्टर आतंकवादियों’ के हाथों मार दिया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग
पत्र में कहा गया है कि संबंधित मंत्री फिलहाल गृह मंत्रालय की ओर से दी गई Z श्रेणी की सुरक्षा में हैं। धमकी की गंभीरता को देखते हुए मंत्रालय ने मामले की तत्काल जांच कराने और धमकी भरे संचार के स्रोत, प्रामाणिकता और परिस्थितियों का पता लगाने का अनुरोध किया है।
इसके साथ ही मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर जरूरत पड़ने पर उसे और मजबूत करने की मांग की गई है। खास तौर पर मंत्री के आगामी सार्वजनिक कार्यक्रमों को देखते हुए सुरक्षा इंतजामों को बढ़ाने की बात कही गई है।
गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस को भेजी गई कॉपी
दस्तावेज के अनुसार, पत्र की प्रतिलिपि केंद्रीय गृह मंत्री के निजी सचिव और दिल्ली पुलिस आयुक्त को भी भेजी गई है। मंत्रालय ने पूरे मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए इसे तत्काल प्राथमिकता के आधार पर देखने का अनुरोध किया है।
हालांकि, इस दस्तावेज से धमकी देने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान की पुष्टि नहीं होती है। मामले की वास्तविकता और धमकी की विश्वसनीयता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
#ChiragPaswan #चिरागपासवान #ChiragPaswanNews #BreakingNews #BiharNews #BiharPolitics #FoodProcessingMinister #DeathThreat #ThreatNews #SecurityAlert #PoliticalNews #LatestNews #IndiaNews #DelhiNews #LJP #LJPPolitics #BreakingBihar #ViralNews #NewsUpdate
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

