पटना: राजधानी पटना के न्यू बाईपास पर ट्रैफिक जाम से स्थायी राहत देने के लिए एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट की तैयारी शुरू हो गई है। अनीसाबाद से दीदारगंज के बीच करीब 13.14 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर को विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 8456 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यानी औसतन एक किलोमीटर सड़क निर्माण पर करीब 643 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इस कॉरिडोर की खासियत यह होगी कि मौजूदा चार लेन सड़क के ऊपर छह लेन की एलिवेटेड सड़क बनाई जाएगी। इससे भारी वाहनों को अलग मार्ग मिलेगा, जबकि स्थानीय यातायात नीचे की सड़क और सर्विस रोड से संचालित होगा। अधिकारियों के अनुसार, इससे दक्षिणी पटना के करीब 150 मोहल्लों और लगभग 10 लाख लोगों को ट्रैफिक की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रस्तावित योजना में दोनों ओर करीब 22 किलोमीटर सर्विस रोड, 10 रैंप, दो फ्लाईओवर, तीन छोटे पुल और चार अंडरपास बनाए जाएंगे। इसके अलावा पटना-गया रेल लाइन के ऊपर आठ लेन का रेलवे ओवरब्रिज भी प्रस्तावित है। जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए पांच किलोमीटर से अधिक लंबी आधुनिक ड्रेनेज व्यवस्था विकसित की जाएगी।
अनीसाबाद, 90 फीट, पुराना बस अड्डा, कंकड़बाग-अशोक रोड, भूतनाथ, पहाड़ी, गुरु गोविंद सिंह लिंक पथ और कर्मलीचक जैसे इलाकों में अक्सर लगने वाले जाम पर भी इस परियोजना से असर पड़ने की उम्मीद है।
परियोजना का डीपीआर तैयार किया जाना है और इसका निर्माण हाइब्रिड एन्युइटी मॉडल (HAM) के तहत प्रस्तावित है। इसमें 40 फीसदी राशि सरकार और 60 फीसदी एजेंसी लगाएगी।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन महासेतु के शुरू होने के बाद इस कॉरिडोर के जरिए उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच माल ढुलाई और यातायात को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
#bihar #BiharNews #patna #patnanews #samratchoudhary
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

