दरभंगा: कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के कोला पुल के पास कुशेश्वरस्थान-फुलतौड़ा एसएच-56 पर सोमवार को सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सभी घायलों को डीएमसीएच रेफर किया गया है।
मृतक की पहचान खगड़िया जिले के अलौली प्रखंड के संहर्सी निवासी सरिस सिंह के पुत्र सोनू सिंह के रूप में हुई है। वहीं घायलों में लदौरा निवासी पंकज कुमार के पुत्र सुमित कुमार उर्फ विक्की (16), हरिपुर निवासी राजीव सिंह के पुत्र रवि कुमार (17), संहर्सी निवासी बबन सिंह के पुत्र अभिनंदन कुमार (18) और फुलचंद राय के पुत्र प्रियांशु कुमार (18) शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि सभी युवक खगड़िया से कुशेश्वरस्थान स्थित शिव मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर जलाभिषेक करने आ रहे थे। इसी दौरान एसएच-56 पर उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सावन की अंतिम सोमवारी पर कुशेश्वरस्थान में उमड़ा आस्था का सैलाब
इधर, सावन की अंतिम सोमवारी पर मिथिलांचल के प्रसिद्ध तीर्थस्थल कुशेश्वरस्थान शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 10:30 बजे तक करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कुशेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
रविवार की आधी रात से ही महिला और पुरुष श्रद्धालु शिवगंगा में स्नान कर गजेंद्र नारायण सिंह धर्मशाला परिसर में बनाए गए घुमावदार बैरिकेडिंग में कतारबद्ध होने लगे थे। मंदिर परिसर में हर-हर महादेव, बोल बम और कुशेश्वरनाथ की जय के जयघोष गूंजते रहे।
संभावित भीड़ को देखते हुए पंडा समाज के पुजारियों ने रात करीब एक बजे पारंपरिक सरकरी पूजा संपन्न कर आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर का पट खोल दिया। इसके बाद जलाभिषेक का सिलसिला लगातार जारी रहा। अर्घ्य के माध्यम से जल अर्पित करने की व्यवस्था किए जाने से श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने में प्रशासन को काफी मदद मिली।
मुख्य प्रवेश द्वार के दोनों ओर महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के लिए जगह-जगह दंडाधिकारी के नेतृत्व में महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई। डीएम कौशल कुमार और ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी देर रात ही कुशेश्वरस्थान पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
भारी भीड़ के बावजूद प्रशासन की सतर्कता और श्रद्धालुओं के सहयोग से जलाभिषेक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होता रहा।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

