thedailybihar.com

 


गढ़वा। झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची की शुद्धता को लेकर गढ़वा से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के एक गांव स्थित मध्य विद्यालय के बूथ नंबर 282 की मतदाता सूची में एक ही घर के पते पर अलग-अलग जाति और धर्म से जुड़े बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम दर्ज होने की बात सामने आई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस बूथ की मतदाता सूची में कुल 954 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 507 पुरुष और 447 महिलाएं शामिल हैं। खास बात यह है कि सूची में अलग-अलग परिवारों और समुदायों के कई मतदाताओं के नाम एक ही मकान के पते पर दर्ज बताए गए हैं। एक मकान में तो 500 से अधिक मतदाता दर्ज होने का दावा किया गया है, जबकि मौके पर केवल कुछ ही लोग रहते हैं।

स्थानीय मतदाताओं ने SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि संबंधित BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) ने घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन के बजाय घर बैठे ही पुनरीक्षण का काम पूरा कर लिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि वास्तव में प्रत्येक मतदाता का घर-घर जाकर सत्यापन किया जाता तो मतदाता सूची में सामने आ रही ऐसी विसंगतियां पहले ही पकड़ में आ जातीं।

मामले ने मतदाता सूची की पारदर्शिता और शुद्धता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने और गलत तरीके से दर्ज नामों तथा पतों का सत्यापन करने की मांग की है।

वहीं, निर्वाचन विभाग की ओर से 8 अगस्त को सभी बूथों पर विशेष अभियान चलाने की जानकारी दी गई है। इस दौरान मतदाता सूची से संबंधित दावों-आपत्तियों और त्रुटियों का निराकरण किया जाएगा। बूथ संख्या 282 की सूची में सामने आई गड़बड़ियों की भी जांच और आवश्यक सुधार किए जाने की उम्मीद है।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post