दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के बौउर गांव की बेटी और भारतीय वायुसेना की फाइटर पायलट भावना कंठ ने देशभर में बिहार का नाम रोशन किया है। कठिन सैन्य प्रशिक्षण और लगातार चुनौतियों के बीच उन्होंने भारतीय वायुसेना के प्रतिष्ठित Fighter Combat Leader (FCL) कोर्स को पूरा कर एक नई उपलब्धि अपने नाम की है। इस उपलब्धि के साथ वह इस स्तर का प्रशिक्षण हासिल करने वाली पहली महिला फाइटर पायलट बनी हैं।
भावना कंठ की यह कामयाबी इसलिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि FCL प्रशिक्षण बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। इसमें फाइटर पायलटों को हवाई युद्ध की रणनीति, कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने और जटिल युद्धक अभियानों से जुड़ी उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसी वजह से इस स्तर के प्रशिक्षित पायलटों को आम बोलचाल में ‘टॉप गन’ कहा जाता है।
भावना इससे पहले भी भारतीय वायुसेना में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं। वर्ष 2016 में वह देश की शुरुआती महिला फाइटर पायलटों में शामिल हुई थीं। इसके बाद 2019 में उन्होंने लड़ाकू विमान से दिन के समय कॉम्बैट मिशन के लिए योग्यता हासिल कर इतिहास बनाया था।
दरभंगा के छोटे से गांव से निकलकर आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंची भावना कंठ की कहानी बिहार की बेटियों के लिए प्रेरणा बन चुकी है। उनकी नई उपलब्धि यह संदेश देती है कि प्रतिभा, अनुशासन और लगातार मेहनत के दम पर किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।
भावना की इस उपलब्धि पर मिथिलांचल से लेकर पूरे बिहार में गर्व का माहौल है। भारतीय वायुसेना में उनकी लगातार सफलता महिला सशक्तिकरण और देशसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण के तौर पर देखी जा रही है।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

