thedailybihar.com


वर्दी मिलते ही पत्नी प्रेमी संग फरार होने का आरोप, पति बोला- पढ़ाई पर खर्च किए 2.50 लाख
.

रोहतास: डालमियानगर थाना क्षेत्र में एक महिला के पुलिस सेवा में चयन के बाद पति को छोड़कर कथित रूप से प्रेमी के साथ चले जाने का मामला सामने आया है। पति अजय सिंह ने अपनी पत्नी अर्चना पर घर से आभूषण और नकदी लेकर फरार होने का भी आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अजय के मुताबिक, उसकी और अर्चना की शादी 26 जनवरी 2025 को हुई थी। शादी के शुरुआती करीब छह महीने तक दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य रहा। पति का दावा है कि उसने पत्नी की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में आर्थिक और व्यक्तिगत रूप से पूरा सहयोग किया। पढ़ाई के साथ दौड़ की तैयारी के लिए वह उसके साथ जाता था और ट्रेनिंग से जुड़ा सामान भी उपलब्ध कराया। अजय का कहना है कि पत्नी के बिहार पुलिस में चयन के बाद उसकी पहली पोस्टिंग दरभंगा में हुई।

पति के अनुसार, दरभंगा में पोस्टिंग के दौरान उसने अर्चना के मोबाइल में विवेक नाम के युवक के साथ बातचीत देखी। अजय का आरोप है कि विवेक उसी गांव का रहने वाला है और दोनों के बीच शादी से पहले से संबंध थे। बाद में अर्चना की पोस्टिंग बेगूसराय हो गई।

अजय ने बताया कि इसी दौरान उसका एक्सीडेंट हो गया। परिवार के लोगों की समझाइश के बाद अर्चना कुछ समय के लिए वापस घर आई और करीब छह महीने तक उसके साथ रही।

पति का आरोप है कि 3 जुलाई की सुबह अर्चना ने उसे जगाया। कुछ देर बाद जब परिवार के अन्य सदस्य काम और बच्चे स्कूल चले गए, तब उसने अपनी भाभी से सिरदर्द की दवा लेने जाने की बात कही और कथित तौर पर घर से निकल गई। अजय के मुताबिक, इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। उसने पत्नी पर कुछ नकदी और आभूषण साथ ले जाने का भी आरोप लगाया है।

अजय का दावा है कि अर्चना ने यह भी कहा था कि “हम तीनों में से किसी एक का मर्डर तय है।” हालांकि इस बयान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

महिला के लापता होने के बाद डालमियानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला की मां भी बेटी की तलाश और मामले की जांच की मांग को लेकर रोहतास एसपी से मिली हैं। एसपी राज ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

#BiharNews #RohtasNews #BiharPolice #CrimeNews #ViralNews #BreakingNews #Dalmianagar #Rohtas #BiharNewsUpdate #PoliceNews


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post