पूर्णिया/अररिया: अररिया से घर से भागकर प्रेम विवाह करने वाली 19 वर्षीय युवती की शादी के अगले ही दिन पूर्णिया में मौत हो गई। युवती का शव पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल के गलियारे में स्ट्रेचर पर मिला। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर के. हाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने युवती के साथ मौजूद उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
मृतका की पहचान अररिया जिले के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र की रहने वाली मनीषा यादव (19) के रूप में हुई है। वहीं, हिरासत में लिया गया युवक दिलखुश यादव (20) अररिया के पलासी थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी बातचीत
बताया जा रहा है कि मनीषा और दिलखुश की करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। इसी दौरान दोनों ने साथ रहने और शादी करने का फैसला किया।
परिजनों के मुताबिक, मनीषा के घरवाले उसकी शादी कहीं और तय करने की तैयारी कर रहे थे। इसके बाद दोनों ने घर से भागकर शादी करने का निर्णय लिया।
सोमवार को घर से निकले थे दोनों
दिलखुश के मुताबिक, 10 अगस्त की सुबह करीब 11:30 बजे वह मनीषा के साथ अररिया से निकल गया। दोनों बस से पूर्णिया पहुंचे और दोपहर करीब एक बजे लाइन बाजार में उतरे। इसके बाद दोनों ने करीब 2,500 रुपये में एक कमरा किराए पर लिया।
दिलखुश का दावा है कि कमरे में उसने मनीषा की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी बनाया। इसके बाद दोनों की शादी की तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई। तस्वीर सामने आने के बाद मनीषा के परिजनों को दोनों के शादी करने की जानकारी मिली।
लड़की के परिजन पहुंचे युवक के घर
शादी की जानकारी मिलने के बाद मनीषा के परिजन दिलखुश के घर पहुंचे। मनीषा के भाई सज्जन कुमार यादव के अनुसार, परिवार के लोगों ने शादी को लेकर दिलखुश के परिजनों से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन वहां से संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
परिजनों का कहना है कि मंगलवार को वे दोनों की शादी कराने के उद्देश्य से लड़के के घर पहुंचे थे, लेकिन वहां कोई नहीं मिला।
मंदिर जाने के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
दिलखुश ने पुलिस और मीडिया को बताया कि मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दोनों कमरे से बाहर निकले। इसके बाद वे पूर्णिया सिटी स्थित काली मंदिर जाने के लिए पैदल निकले।
दिलखुश के मुताबिक, रास्ते में अचानक मनीषा को चक्कर आया और वह सड़क पर गिर गई। उसने स्थानीय लोगों की मदद से मनीषा को पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने जताई आशंका
मनीषा की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। मेडिकल कॉलेज के गलियारे में बेटी का शव देखकर परिवार के लोग सदमे में आ गए। मनीषा के भाई ने आशंका जताई कि उसकी बहन के साथ कुछ गलत हुआ है।
फिलहाल पुलिस ने दिलखुश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस प्रेमी के बयान समेत घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

