बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के टेहका गांव के रहने वाले 23 वर्षीय योगेश साहू इन दिनों चर्चा में हैं। योगेश ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में शानदार प्रदर्शन करते हुए ₹50 लाख की रकम जीती है। उनकी कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने ₹1.50 लाख महीने की नौकरी छोड़कर IAS बनने का सपना चुना।
योगेश के पिता गयाराम साहू ड्राइवर हैं। बताया गया है कि वे वरिष्ठ भाजपा नेता और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस के ड्राइवर के रूप में काम करते हैं। योगेश का सपना अपने पिता को गर्व महसूस कराना और IAS अधिकारी बनना है।
पढ़ाई में मिली आर्थिक मदद
योगेश ने शुरुआती पढ़ाई बलौदाबाजार में की और आगे की शिक्षा के लिए बिलासपुर गए। पढ़ाई के प्रति उनकी लगन को देखते हुए तत्कालीन बिलासपुर कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने भी उनकी मदद की। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण मुख्यमंत्री और कलेक्टर स्तर से भी उनकी पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता मिली।
12वीं के बाद योगेश ने प्रवेश परीक्षा पास कर IIT बॉम्बे में दाखिला लिया। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और कैंपस प्लेसमेंट के जरिए ₹1.50 लाख प्रति माह की नौकरी हासिल की।
नौकरी छोड़ UPSC की तैयारी
अच्छी नौकरी मिलने के बावजूद योगेश ने IAS बनने के अपने लक्ष्य को प्राथमिकता दी और नौकरी छोड़ दी। उन्होंने UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा पहले ही प्रयास में पास कर ली है और फिलहाल मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।
KBC में ₹50 लाख जीतने के बाद जब योगेश मुंबई से लौटे तो भाटापारा रेलवे स्टेशन पर ग्रामीणों और परिजनों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उनकी सफलता ने इलाके के युवाओं के बीच भी नई उम्मीद जगाई है।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

