समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां स्कूल जा रही 12वीं कक्षा की छात्रा की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने आरोपी की पहचान होने का दावा करते हुए जल्द गिरफ्तारी और स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी सजा दिलाने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, घटना बेनी थाना क्षेत्र के कैजिया विष्णुपुर गांव के पास सुबह करीब 9:15 बजे हुई। मृतका की पहचान 19 वर्षीय सुमन कुमारी के रूप में हुई है, जो कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय की 12वीं की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह स्कूल जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान बाइक सवार आरोपी ने उसका रास्ता रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने पहले छात्रा को जबरन रोका और उसके बाद बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। छात्रा के सीने में चार गोलियां लगीं, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी चंदौली गांव का रहने वाला है और वह लंबे समय से छात्रा को आते-जाते परेशान करता था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने पहले भी छात्रा को जान से मारने की धमकी दी थी। छात्रा ने इस बात की जानकारी घरवालों को दी थी, लेकिन सामाजिक बदनामी और लोक-लाज के डर से मामला पुलिस तक नहीं पहुंच पाया। अब परिवार का कहना है कि यदि समय रहते शिकायत दर्ज कराई जाती, तो शायद उनकी बेटी की जान बच सकती थी।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ समय के लिए पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति भी बन गई। बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बुजुर्गों के समझाने पर स्थिति सामान्य हुई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मौके से पुलिस ने चार खोखे बरामद किए हैं। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
एसपी अरविंद प्रताप सिंह, एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय और अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और स्पीडी ट्रायल के जरिए आरोपी को कठोर सजा दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
इस हत्याकांड ने एक बार फिर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस को शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की धमकी या उत्पीड़न की घटनाएं समय रहते रोकी जा सकें। वहीं, मृतका के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

