पटना: पटना हाईकोर्ट ने बांका जिले से जुड़े एक मामले में निचली अदालत का फैसला पलटते हुए आरोपी को बरी कर दिया। अदालत ने कहा कि किसी महिला की छाती दबाना और सलवार खोलने का प्रयास करना अपने आप में बलात्कार के प्रयास (Attempt to Rape) का अपराध सिद्ध नहीं करता। कोर्ट के अनुसार, ऐसे कृत्य महिला की लज्जा भंग करने के दायरे में आ सकते हैं, लेकिन उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर इन्हें रेप की कोशिश नहीं माना जा सकता।
न्यायमूर्ति विनोद कुमार पांडेय की एकल पीठ ने कहा कि अभियोजन पक्ष रेप के प्रयास का आरोप साबित करने के लिए पर्याप्त और ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सका। अदालत ने यह भी उल्लेख किया कि मामले में मेडिकल साक्ष्य और डॉक्टर की गवाही उपलब्ध नहीं थी तथा एक महत्वपूर्ण गवाह अपने बयान से पलट गया।
यह मामला बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र का है। निचली अदालत ने 2023 में आरोपी को दोषी ठहराते हुए तीन वर्ष की सजा सुनाई थी। हाईकोर्ट ने उस फैसले को रद्द करते हुए आरोपी को सभी आरोपों से बरी कर दिया और जमा जुर्माने की राशि वापस करने का भी निर्देश दिया।
यह फैसला केवल इस मामले के तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दिया गया है। अदालत ने ऐसे कृत्यों को वैध नहीं ठहराया है, बल्कि कहा है कि इस मामले में रेप के प्रयास का आरोप कानूनी रूप से सिद्ध नहीं हो सका।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

