thedailybihar.com

 



पटना का गांधी मैदान बस स्टैंड हुआ बंद, अब यहां से सरकारी बसों का संचालन बंद; 698 बसें नए टर्मिनल में शिफ्ट

पटना: राजधानी पटना के गांधी मैदान के पास स्थित बांकीपुर बस डिपो को पूरी तरह खाली कर दिया गया है। अब इस डिपो से सरकारी बसों का संचालन बंद हो गया है। परिवहन निगम ने यहां से चलने वाली सभी 698 स्टेट बसों को बैरिया आईएसबीटी और फुलवारीशरीफ स्थित परिवहन परिसर में शिफ्ट कर दिया है। डिपो की खाली जमीन पर अब फाइव स्टार होटल बनाने की योजना बताई गई है।

परिवहन निगम के अनुसार, बांकीपुर डिपो से संचालित होने वाली बसों को नए ठिकानों पर भेजने के बाद शहर के प्रमुख मार्गों पर बस संचालन की व्यवस्था बदली गई है। करीब 150 से अधिक सिटी बसों को फुलवारीशरीफ में शिफ्ट किया गया है। हालांकि इन सिटी बसों का परिचालन शहर के 14 प्रमुख मार्गों पर जारी रहेगा। इन बसों का मेंटेनेंस फुलवारी स्थित मल्टी-मॉडल हब में होगा।

698 बसों का अलग-अलग जगहों से संचालन

बैरिया बस टर्मिनल से 350 से अधिक सरकारी बसें चलेंगी। यहां से गया, जहानाबाद, बिहारशरीफ, नवादा, राजगीर समेत दक्षिण बिहार और उत्तर बिहार के हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा आदि जिलों के लिए बसें उपलब्ध रहेंगी।

वहीं फुलवारी परिवहन परिसर में पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिशा की करीब 198 स्टेट बसों को शिफ्ट किया गया है। यहां से आरा, बक्सर, सासाराम, कैमूर, वाराणसी और नई दिल्ली सहित विभिन्न रूटों के लिए बसें चलेंगी।

इसके अलावा करीब 150 सिटी बसों का मेंटेनेंस फुलवारी में होगा और इनका परिचालन जीपीओ स्थित मल्टी-मॉडल हब से किया जाएगा।

जाम से मिलेगी राहत

बांकीपुर डिपो के हटने से गांधी मैदान, अशोक राजपथ और करगिल चौक क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। पटना जंक्शन पहुंचने वाले यात्रियों को भी अब बसों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। वहीं मल्टी-मॉडल हब से एम्स, दानापुर, कंकड़बाग, बाईपास और पटना साहिब जाने वाले यात्रियों को बस सेवा मिल सकेगी।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post