Patna : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा में वैशाली जिले के जंदाहा निवासी धर्मेंद्र कुमार ने शानदार सफलता हासिल करते हुए राजस्व अधिकारी (Revenue Officer) का पद प्राप्त किया है। बेहद साधारण परिवार से आने वाले धर्मेंद्र की यह उपलब्धि संघर्ष, मेहनत और मां के त्याग की प्रेरणादायक मिसाल बन गई है।
धर्मेंद्र के पिता दिहाड़ी मजदूर हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति लंबे समय तक कमजोर रही। ऐसे कठिन दौर में उनकी मां रेखा देवी ने परिवार की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठाई। पिछले दो दशक से अधिक समय से वह जंदाहा थाने में पुलिसकर्मियों के कपड़े धोने का काम कर रही हैं। सीमित आय के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई कभी नहीं रुकने दी और हर परिस्थिति में उसका हौसला बढ़ाया।
मां की इसी मेहनत और त्याग का परिणाम है कि धर्मेंद्र ने BPSC जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर परिवार का सपना साकार कर दिया। उनकी इस उपलब्धि पर जंदाहा थाना परिसर में उन्हें सम्मानित किया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने धर्मेंद्र की सफलता को पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान समारोह के दौरान धर्मेंद्र कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां रेखा देवी, पिता और जंदाहा थाने के पुलिसकर्मियों को दिया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने हमेशा उनका उत्साह बढ़ाया और परिवार का सहयोग किया, जिससे उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।
धर्मेंद्र ने यह भी बताया कि उनकी मंजिल अभी बाकी है। उनका अगला लक्ष्य BPSC के माध्यम से डीएसपी (DSP) बनना है। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि एक दिन उनकी मां उन्हें खाकी वर्दी में देखें और उनके चेहरे पर गर्व की मुस्कान हो। धर्मेंद्र की सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिस्थितियां कभी भी बड़े सपनों की राह में स्थायी बाधा नहीं बन सकतीं।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

