मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में दिल्ली की एक महिला सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने SSB के एक ASI और उसके साथी पर गंभीर आरोप लगाते हुए नगर थाने में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि सोशल मीडिया पर वायरल कराने और फॉलोअर्स बढ़ाने का झांसा देकर उसे मुजफ्फरपुर बुलाया गया था। इसके बाद स्टेशन रोड स्थित एक होटल में उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और घटना का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया गया।
पीड़िता के अनुसार, SSB के ASI ने सोशल मीडिया पर पहचान बढ़ाने का भरोसा देकर उसे 7 दिसंबर 2025 को दिल्ली से मुजफ्फरपुर बुलाया। महिला अपने दो साल के बच्चे के साथ यहां पहुंची थी। आरोप है कि उसे स्टेशन रोड के एक होटल में ठहराया गया, जहां ASI के साथी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का दावा है कि घटना का वीडियो भी बनाया गया और बाद में उसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर पैसे की मांग की गई।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उससे करीब 20 हजार रुपये भी लिए गए। इसके बाद भी कथित तौर पर उसे वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जाती रही। महिला ने घटना की जानकारी अपने पति को दी और फिर कानूनी कार्रवाई का निर्णय लिया।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसने नगर थाना जाने से पहले SSB मुख्यालय में ऑनलाइन शिकायत की थी। इसके बाद मुजफ्फरपुर स्थित SSB सेक्टर मुख्यालय की ओर से उसे बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजा गया और 7 सितंबर को बुलाया गया।
महिला का आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उस पर अपना बयान बदलने और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत करने का फैसला लिया।
नगर थाने की पुलिस के अनुसार, महिला की ऑनलाइन शिकायत की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...
