सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के महमूदाबाद से रिश्तों को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला अपने पति के साथ-साथ दूसरे युवक को भी पति के रूप में साथ रखने की बात कह रही है। मामला बढ़ने के बाद विवाद कोतवाली तक पहुंच गया है और इलाके में इसकी चर्चा हो रही है।
मामला महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के फुलवारीपुर का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले शुभम वर्मा की शादी पचदेवरा निवासी अंजू वर्मा से हुई है। दोनों के दो बच्चे भी हैं।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान अंजू की नजदीकियां नितिन विश्वकर्मा नाम के युवक से बढ़ गईं। नितिन उनेरा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। परिवार की ओर से दावा किया गया है कि नितिन पहले भी शुभम के घर आता-जाता था और कई बार वहां रुकता भी था।
मामले ने तब तूल पकड़ा, जब अंजू ने अपने पति शुभम के सामने ही नितिन के साथ मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद अंजू ने दोनों के साथ रहने की इच्छा जताई। बताया जा रहा है कि शुभम भी नितिन को अपने साथ रखने के लिए तैयार है।
शुभम का कहना है कि वह अपनी पत्नी अंजू और नितिन, दोनों का साथ नहीं छोड़ेगा। हालांकि, जरूरत पड़ने पर वह घर छोड़ने तक की बात कह रहा है। दूसरी ओर, अंजू भी दोनों के साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई है।
वहीं, परिवार के कुछ सदस्य इस व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं। विवाद बढ़ने के बाद मामला महमूदाबाद कोतवाली तक पहुंच गया है। फिलहाल यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
हालांकि, इस पूरे मामले में सामने आए दावों और रिश्तों की कानूनी स्थिति को लेकर आधिकारिक पुलिस पक्ष का स्पष्ट विवरण सामने आना बाकी है।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

