thedailybihar.com


पटना। बिहार के पंचायती राज मंत्री और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र दीपक प्रकाश ने गुरुवार को बिहार विधान परिषद (एमएलसी) के मनोनीत सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण कर ली। राज्यपाल द्वारा मनोनयन के बाद विधान परिषद परिसर में आयोजित समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा, संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित सत्ता पक्ष के कई मंत्री और विधायक मौजूद रहे।

दीपक प्रकाश का मनोनयन इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि वे पहले से ही बिहार सरकार में पंचायती राज मंत्री हैं। भारतीय संविधान के अनुसार कोई व्यक्ति मंत्री बनने के छह महीने के भीतर विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना आवश्यक होता है। ऐसे में उनके मनोनयन और शपथ ग्रहण के साथ ही उनकी संवैधानिक सदस्यता सुनिश्चित हो गई है।



शपथ लेने के बाद दीपक प्रकाश ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, एनडीए नेतृत्व और अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे और बिहार के विकास तथा पंचायत व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में काम करेंगे।

हालांकि, उनके मनोनयन को लेकर विपक्ष ने सवाल भी उठाए हैं। विपक्षी दलों का कहना है कि विधान परिषद में राज्यपाल द्वारा मनोनीत सदस्यों के लिए संविधान में साहित्य, विज्ञान, कला, सहकारिता और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में विशेष योगदान की शर्त निर्धारित है। ऐसे में इस नियुक्ति को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। वहीं, एनडीए नेताओं का कहना है कि यह राज्यपाल का संवैधानिक निर्णय है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post