thedailybihar.com

 



वैशाली जिले के हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी गांव में गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रामनरेश राय के रूप में हुई है। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दो बाइक से आए चार अपराधी ठेकेदार को निशाना बनाते दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, रामनरेश राय सुबह करीब 5:15 बजे अपने घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। घर से लगभग 200 मीटर दूर तालाब के पास पहुंचते ही दो अपाचे बाइक पर सवार चार बदमाश वहां पहुंचे। अपराधियों ने रामनरेश राय के सामने बाइक रोकी और फायरिंग शुरू कर दी।

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि अपराधियों को सामने देखकर रामनरेश राय जान बचाने के लिए सड़क छोड़कर कच्चे रास्ते की ओर भागते हैं। इसके बाद दो बदमाश उनका पीछा करते हैं और करीब जाकर गोली मारते हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों वापस बाइक के पास लौटते हैं। इसके बाद चारों अपराधी बाइक से मौके से फरार हो जाते हैं। पूरी घटना करीब 30 सेकेंड में हुई।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने रामनरेश राय को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि उन्हें चार गोलियां लगी थीं।

रामनरेश राय एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में ठेकेदारी का काम करते थे। वह अपने माता-पिता के साथ दिग्घी स्थित घर में रहते थे। उनकी पत्नी पटना में रहकर बेटे की पढ़ाई कराती हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दो बाइक से आए चार लोगों ने फायरिंग कर ठेकेदार की हत्या की और फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। FSL की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। हत्या के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post