औरंगाबाद में बुधवार देर रात यात्रियों से भरी हंसराज स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा रात करीब 1 बजे ओवरब्रिज पार करने के बाद डाल्टनगंज मार्ग पर हुआ। बस वाराणसी से झारखंड के रास्ते पटना जा रही थी। बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जिनमें लगभग 20 लोग घायल हो गए।
घायलों में औरंगाबाद के बघोई गांव निवासी महाराणा सिंह, सीमा कुमारी, बबलू कुमार, सत्य कुमार और बेलमती देवी शामिल हैं। इसके अलावा भैरोपुर के विजय तिवारी, छतरपुर के मुर्तुजा अंसारी, बस चालक बबलू पांडेय और पिंटू पांडेय समेत कई यात्री चोटिल हुए हैं। बस चालक समेत कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमुहार मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटनास्थल के पास सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। आशंका है कि बस की ट्रक से टक्कर हुई, जिसके बाद चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। हालांकि, पुलिस ने अभी ट्रक से टक्कर की पुष्टि नहीं की है। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।
दुर्घटना के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस भी पहुंची और घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार से उपचार व्यवस्था की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पुलिस हादसे की वास्तविक वजह की जांच कर रही है।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

