thedailybihar.com

 



नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने यूजीसी-नेट परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। परीक्षा में प्रश्नपत्र से जुड़ी कई खामियां सामने आने के बाद तीन विषयों की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। इनमें अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषय शामिल हैं। एनटीए ने रविवार को दोबारा परीक्षा की तारीख और समय की घोषणा की।

एनटीए के मुताबिक, अंग्रेजी विषय की दोबारा परीक्षा 9 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली में आयोजित होगी। इसी दिन कॉमर्स विषय की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक दूसरी पाली में होगी। वहीं समाजशास्त्र विषय की परीक्षा 10 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली में आयोजित की जाएगी।

एजेंसी ने बताया कि इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, टंकण और अनुवाद से संबंधित कई त्रुटियां पाई गई थीं। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों की ओर से भी प्रश्नपत्रों को लेकर शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। शिकायतों और सामने आई खामियों को ध्यान में रखते हुए एनटीए ने संबंधित विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का निर्णय लिया है।

गौरतलब है कि यूजीसी-नेट परीक्षा का आयोजन 22 से 30 जून के बीच 87 विषयों के लिए किया गया था। यह परीक्षा देशभर में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), सहायक प्रोफेसर पद के लिए पात्रता और पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है।

तीन विषयों की परीक्षा दोबारा होने की घोषणा के बाद संबंधित अभ्यर्थियों को नई परीक्षा तारीख के अनुसार अपनी तैयारी करनी होगी। परीक्षा से जुड़ी आगे की जानकारी और निर्देश एनटीए की ओर से जारी किए जाएंगे।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post