thedailybihar.com

 



किशनगंज में एक महिला ने अपने पति पर जबरन देह व्यापार में धकेलने और लंबे समय तक मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पति ने वर्ष 2022 में पहली बार एक व्यक्ति से पैसे लेकर उसे उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। इसके बाद कई शहरों में ले जाकर उसे अलग-अलग लोगों के सामने भेजा गया।

महिला के अनुसार, वर्ष 2016 में जब वह 15 वर्ष की थी, उसकी शादी कोचाधामन थाना क्षेत्र के एक 35 वर्षीय व्यक्ति से कर दी गई थी। शादी से पहले परिवार ने आगे पढ़ाई कराने का भरोसा दिया था, लेकिन शादी के बाद पति ने पढ़ाई रोक दी और उसके साथ मारपीट करने लगा। महिला का आरोप है कि बाद में दहेज को लेकर भी उसे प्रताड़ित किया गया।

2018 में बेटी के जन्म के बाद कथित तौर पर उसके साथ व्यवहार और खराब हो गया। मार्च 2022 में पति काम दिलाने के बहाने उसे दिल्ली ले गया। महिला के मुताबिक, वहां भी उसके साथ मारपीट होती रही।

महिला ने बताया कि 31 दिसंबर 2022 की रात पति एक युवक को घर लेकर आया और कहा कि वह रात में वहीं रहेगा। इसके बाद पति घर से चला गया और वापस नहीं लौटा। महिला का आरोप है कि रात में युवक ने उसके साथ जबरदस्ती की और बताया कि उसने इसके लिए उसके पति को 8 हजार रुपये दिए हैं।

महिला के अनुसार, इसके बाद पति उसे दिल्ली, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों में ले जाता रहा। कथित तौर पर उसे कई दिनों तक एक कमरे में रखा जाता था और बाहर निकलने की अनुमति नहीं थी। उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया, जिससे वह किसी से संपर्क न कर सके। महिला का दावा है कि रोज कई लोगों को उसके पास भेजा जाता था और पति उनसे पैसे लेता था।

जून 2026 में तबीयत बिगड़ने के बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद भी कथित तौर पर उस पर दबाव बनाया गया। हालत ज्यादा खराब होने पर पति उसे गांव लाकर एक कमरे में छोड़कर चला गया। मौका पाकर महिला वहां से निकलकर मायके पहुंची और अपने परिवार को पूरी घटना बताई।

परिजनों ने पहले उसका इलाज कराया। इसके बाद महिला ने परिवार के साथ महिला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी। थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी के अनुसार, महिला के आरोपों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post