thedailybihar.com

 



पटना। बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर चल रहे छात्रों के आंदोलन के बीच राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि TRE-4 परीक्षा इस बार एकल चरण (Single Phase) में आयोजित की जाएगी। छात्रों की यह मांग पिछले कई दिनों से चर्चा में थी।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि सरकार छात्रों की मांगों को लेकर शुरू से ही गंभीर रही है। इसी के तहत निर्णय लिया गया है कि TRE-4 की परीक्षा एक ही चरण में आयोजित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कई अन्य महत्वपूर्ण फैसलों की भी जानकारी दी। सरकार ने विभिन्न परीक्षाओं में सुधार के लिए सुझाव देने हेतु ‘परीक्षा सुधार पर एक विशेषज्ञ समिति’ के गठन का निर्णय लिया है। यह समिति माननीय पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित की जाएगी।

समिति विभिन्न परीक्षाओं से जुड़ी छात्रों की शिकायतों की भी सुनवाई करेगी और परीक्षा प्रक्रिया में आवश्यक सुधारों को लेकर सरकार को अपनी अनुशंसाएं देगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि छात्रों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सरकार ने ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ और ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ की शुरुआत की है। इनके माध्यम से छात्रों की समस्याओं का समाधान निर्धारित समय के भीतर करने का प्रयास किया जा रहा है।

सरकार के इस फैसले के बाद TRE-4 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। पिछले कुछ दिनों से छात्र परीक्षा को एक चरण में कराने सहित विभिन्न मांगों को लेकर पटना में प्रदर्शन कर रहे थे।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों के कल्याण और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। TRE-4 परीक्षा को एकल चरण में कराने का फैसला इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post