thedailybihar.com

 



औरंगाबाद/रोहतास: बिहार में अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (Executive Officer) विमल कुमार की हत्या कर दी। यह घटना औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र के घनौती पुल के पास हुई, जहां पटना जा रहे विमल कुमार पर घात लगाकर हमला किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने उनकी कार को रास्ते में रोककर उन्हें बाहर खींच लिया। इसके बाद लोहे की रॉड और धारदार हथियार से बेरहमी से हमला किया गया। घटनास्थल से गोली चलने की भी चर्चा सामने आई है, हालांकि पुलिस और चिकित्सकों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। गंभीर रूप से घायल विमल कुमार को स्थानीय लोगों की मदद से रोहतास जिले के जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पटना के दानापुर स्थित आवास पर जब उनका पार्थिव शरीर पहुंचा तो पत्नी शव देखकर बेहोश हो गईं, जबकि उनके दोनों छोटे बच्चे रो-रोकर बेहाल हो गए। अंतिम संस्कार दानापुर में किए जाने की तैयारी है।

रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना औरंगाबाद जिले में हुई है, लेकिन दोनों जिलों की पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि चालक की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।

जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि करीब छह महीने पहले विमल कुमार ने अपने ड्राइवर मिथिलेश को किसी विवाद के कारण नौकरी से हटा दिया था। बाद में पत्नी के अनुरोध पर उसे दोबारा काम पर रख लिया गया था। अब पुलिस इस पुराने विवाद और चालक की भूमिका को भी जांच का अहम हिस्सा मान रही है।

इस बीच, रोहतास के सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल टीम गठित की गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट है कि हत्या हुई है, लेकिन गोली लगने की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी।

डेहरी नगर परिषद की मुख्य पार्षद शशि कुमारी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह सुनियोजित हत्या प्रतीत होती है। उन्होंने राज्य सरकार से निष्पक्ष और तेज जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है। जांच इस बात पर केंद्रित है कि वारदात के पीछे व्यक्तिगत रंजिश, साजिश, लूट या कोई अन्य कारण था। आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी जारी है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post