पूर्णिया, 30 अगस्त। पूर्णिया के इंदिरा गांधी स्टेडियम में रविवार को आयोजित रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पहल पर आयोजित इस मेले में पूर्णिया के अलावा अररिया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल और कटिहार से भी अभ्यर्थी पहुंचे। आयोजकों ने करीब 20 हजार युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा था।
मेले में अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए अलग-अलग पंजीकरण और दस्तावेज सत्यापन काउंटर बनाए गए थे। शैक्षणिक प्रमाणपत्र, बायोडाटा और अन्य जरूरी कागजातों की जांच के बाद चयन प्रक्रिया पूरी की गई। चयनित अभ्यर्थियों में कई युवाओं को कार्यक्रम के दौरान ही ऑफर लेटर और नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
रोजगार मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध कराए गए। आठवीं, बारहवीं, इंटरमीडिएट और आईटीआई से लेकर स्नातक, स्नातकोत्तर, बीसीए और एमबीए तक की योग्यता वाले अभ्यर्थियों ने भाग लिया। आईटी, बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, इंश्योरेंस, हॉस्पिटैलिटी, मैन्युफैक्चरिंग, रिटेल, सेल्स और मार्केटिंग सहित कई क्षेत्रों में नौकरियों के विकल्प रखे गए।
महिलाओं के लिए वर्क फ्रॉम होम से जुड़े रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए गए। कंपनियों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर अभ्यर्थियों से बातचीत की और उनकी योग्यता के आधार पर चयन किया।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया के बाद पटना में इससे भी बड़े स्तर पर रोजगार मेला आयोजित करने की तैयारी है। उनके अनुसार, पटना में करीब 25 हजार युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए निजी कंपनियों तथा रोजगार उपलब्ध कराने वाले संस्थानों को एक मंच पर लाने की कोशिश जारी है।
रोजगार मेले में युवाओं की भारी मौजूदगी के कारण स्टेडियम में पूरे दिन गतिविधियां बनी रहीं। नियुक्ति और ऑफर लेटर मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

