नई दिल्ली। संसद परिसर के पास सांसद पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम में घुसने की कोशिश की। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अचानक नारेबाजी शुरू हो गई, जिसके बाद कुछ देर के लिए कार्यक्रम बाधित हो गया। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर पप्पू यादव को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए व्यक्ति के पास से एक धारदार हथियार मिलने की भी चर्चा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में संसद परिसर में राम मंदिर चंदा को लेकर हुए सांकेतिक विरोध प्रदर्शन के बाद पप्पू यादव को लेकर विवाद बढ़ गया था। इसी पृष्ठभूमि में यह घटना हुई है। हालांकि, हमले के पीछे किसी संगठन या समूह की भूमिका को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। घटना के दौरान पप्पू यादव को किसी प्रकार की शारीरिक चोट नहीं आई है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी का उद्देश्य क्या था और वह कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंचा।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और किसी संगठन की संभावित संलिप्तता पर स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

