लखीसराय/बड़हिया। बड़हिया के कॉलेज घाट पर शुक्रवार को एक भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। धनराज टोला निवासी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लखीसराय जिला संघचालक रहे कृष्णा जी का निधन हो गया। उनके अंतिम संस्कार के दौरान उनकी ज्येष्ठ पुत्री ज्योत्स्ना ने मुखाग्नि देकर पिता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
बताया गया कि कृष्णा जी के एकमात्र पुत्र अम्बरीष इस समय अमेरिका में रहते हैं। ऐसे में उनकी बड़ी बेटी ज्योत्स्ना ने आगे बढ़कर अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी संभाली और पिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान कॉलेज घाट पर मौजूद लोगों के बीच भावुक माहौल रहा।
ज्योत्स्ना के इस कदम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि माता-पिता के प्रति जिम्मेदारी और प्रेम केवल बेटों तक सीमित नहीं है। बेटियां भी जरूरत पड़ने पर परिवार की जिम्मेदारियों को पूरी मजबूती से निभा सकती हैं और अपने माता-पिता के लिए हर फर्ज अदा कर सकती हैं।
कृष्णा जी के निधन से स्थानीय लोगों और उनसे जुड़े लोगों में शोक की लहर है। अंतिम विदाई के समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूजनीय कृष्णा जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि एवं अश्रुपूर्ण विदाई। वहीं, ज्योत्स्ना के इस साहस और कर्तव्यनिष्ठा को नमन।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

