thedailybihar.com

 



लखीसराय। सावन की तीसरी सोमवारी पर बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। जलाभिषेक के लिए जुटी भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने से 7 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर है। हादसे के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए करीब 50 हजार श्रद्धालु अशोक धाम मंदिर पहुंचे थे। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान आगे निकलने की कोशिश में भीड़ का दबाव बढ़ गया और बैरिकेडिंग टूट गई।



बैरिकेडिंग टूटते ही लोगों के बीच भगदड़ की स्थिति बन गई। कई श्रद्धालु गिर पड़े और उनके ऊपर दूसरे लोग भी गिरते चले गए। हादसे में कई महिलाएं गंभीर रूप से प्रभावित हुईं। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की।



घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन की टीमें भीड़ को नियंत्रित करने और मंदिर परिसर में व्यवस्था बहाल करने में जुटी हैं।

हादसे के बाद प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से संयम बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की भी जांच की जा रही है।



आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post