पटना। खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। एएन बेसेंट रोड स्थित खान अस्पताल में फायर सेफ्टी मानकों के कथित उल्लंघन को लेकर अग्निशमन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। विभाग की ओर से अस्पताल को तीन बार नोटिस दिए जाने के बावजूद मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया। अब 14 अगस्त को अस्पताल प्रबंधन को चौथा और अंतिम नोटिस जारी किया गया है।
अग्निशमन पदाधिकारी इंद्रजीत कुमार ने 25 मई को खान अस्पताल का फायर ऑडिट किया था। इसके बाद विभाग ने मानकों को पूरा करने के लिए कई बार निर्देश दिए। अंतिम नोटिस में अस्पताल को सात दिन का समय दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तय अवधि में फायर सेफ्टी मानकों को पूरा नहीं किया गया तो अस्पताल को सील करने की कार्रवाई की जा सकती है।
फायर ऑडिट के बाद फैजल खान से जुड़े अन्य संस्थानों को भी अब तक फायर एनओसी नहीं मिलने की बात सामने आई है। इनमें खान ग्लोबल स्टडीज, मुस्लिमपुर, बोरिंग रोड चौराहा और खान हॉस्पिटल शामिल हैं। हालांकि, खान ग्लोबल स्टडीज की ओर से मुस्लिमपुर स्थित संस्थान में सभी मानकों का पालन किए जाने का दावा किया गया है।
वहीं, बोरिंग रोड इलाके के कोचिंग संस्थानों के लिए सामूहिक रूप से फायर एनओसी का आवेदन किया गया था, जिसे अग्निशमन विभाग ने वापस कर दिया। विभाग के अनुसार प्रत्येक भवन के लिए अलग-अलग आवेदन करना होगा। इसके बाद विभागीय टीम प्रत्येक भवन का निरीक्षण करेगी।
अग्निशमन विभाग के मुताबिक वर्ष 2021 के बाद बनी सभी इमारतों में किसी संस्थान या प्रतिष्ठान का संचालन शुरू करने से पहले फायर विभाग से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) लेना अनिवार्य है। विभागीय जांच में कमियां मिलने पर नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अस्पताल को अब तक फायर एनओसी नहीं मिला है। इसके बावजूद अस्पताल का संचालन जारी रहने पर विभाग ने कार्रवाई की चेतावनी दी है।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

