खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले में पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों के बीच प्रभाव जमाता था। आरोपी की पहचान मनीष कुमार गुप्ता उर्फ चिक्कू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति होने की जानकारी जांच में सामने आई है। हालांकि संपत्ति से जुड़े दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
DIU और गोगरी पुलिस की संयुक्त टीम ने गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर बाजार स्थित आरोपी के ठिकाने पर करीब साढ़े सात घंटे तक छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने दो लग्जरी गाड़ियां जब्त कीं, जिनमें टेस्ला मॉडल Y और डायकोर सफारी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों वाहनों पर ‘भारत सरकार’ लिखा हुआ था। अब पुलिस वाहनों के दस्तावेज, स्वामित्व और सरकारी पहचान के कथित इस्तेमाल की जांच कर रही है।
तलाशी के दौरान लैपटॉप, कंप्यूटर, कई ATM कार्ड, विदेशी शराब की बोतलें, बारहसिंगा का सींग और चादर में लिपटी एक मूर्ति समेत कई सामान बरामद किए गए हैं। सभी वस्तुओं को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी खुद को IAS अधिकारी बताता रहा और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों से करीबी संबंध होने का दावा भी करता रहा। पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है।
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी की वास्तविक पहचान और पेशा क्या है, उसके पास इतनी संपत्ति कैसे आई और क्या उसने सरकारी अधिकारी की पहचान का इस्तेमाल किसी गैरकानूनी गतिविधि के लिए किया। पुलिस ने मामले में जांच जारी रखी है।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

