thedailybihar.com


अयोध्या। राम मंदिर निर्माण और प्राण-प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच अब उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के आंकड़े एक अलग तस्वीर सामने ला रहे हैं। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 2026 के जनवरी से जून के बीच अयोध्या में करीब 7.20 करोड़ श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे। वहीं, वर्ष 2025 के इसी छह महीने की अवधि में यह संख्या करीब 23.82 करोड़ थी। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में इस साल लगभग 16.62 करोड़ श्रद्धालु-पर्यटक कम आए, जो करीब 70 प्रतिशत की गिरावट है।

आंकड़ों की तुलना वर्ष 2024 से करें तो भी इस साल अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कम रही है। 22 जनवरी 2024 को राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद जनवरी से जून के बीच करीब 11 करोड़ श्रद्धालु-पर्यटक अयोध्या पहुंचे थे। इसके मुकाबले 2026 के पहले छह महीनों में यह आंकड़ा 7.20 करोड़ रहा। यानी 2024 की तुलना में भी करीब 3.79 करोड़ की कमी दर्ज की गई।

हालांकि, हाल के आंकड़ों में कुछ सुधार दिखाई दे रहा है। 21 जून से 3 जुलाई 2026 के बीच 13 दिनों में करीब 11.54 लाख श्रद्धालु-पर्यटक अयोध्या पहुंचे। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 9.12 लाख थी। यानी इस बार करीब 2.42 लाख या 26.5 प्रतिशत अधिक श्रद्धालु आए।

इन 13 दिनों में 11 दिन ऐसे रहे, जब पिछले साल की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या ज्यादा रही। वहीं 22 और 29 जून को पिछले साल के मुकाबले संख्या कम रही। सबसे ज्यादा करीब 1.02 लाख श्रद्धालु 28 जून को अयोध्या पहुंचे। यह तारीख इसलिए भी महत्वपूर्ण रही क्योंकि इसी दौरान राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी का विवाद चर्चा में था।

इससे संकेत मिलता है कि छह महीने के कुल आंकड़ों में गिरावट के बावजूद हाल के दिनों में अयोध्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही फिर बढ़ रही है।



आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post