thedailybihar.com

 



पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी STET 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की तारीख का ऐलान कर दिया है। बिहार बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि STET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन 17 अगस्त 2026 से शुरू होंगे। परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी और अन्य महत्वपूर्ण निर्देश 14 अगस्त तक समाचार पत्रों में जारी होने वाले आधिकारिक विज्ञापन के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे।

शिक्षा विभाग की ओर से STET 2026 आयोजित कराने की सहमति मिलने के बाद बिहार बोर्ड ने आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन शुरू होने से पहले परीक्षा की पात्रता, विषय, शुल्क, आवश्यक दस्तावेज और अन्य शर्तों से संबंधित जानकारी आधिकारिक विज्ञापन में जरूर देख लें।

दो पेपर में होगी परीक्षा

STET में अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता और संबंधित शिक्षण स्तर के अनुसार पेपर का चयन करना होगा। पेपर-1 कक्षा 9वीं और 10वीं के शिक्षकों के लिए होगा, जबकि पेपर-2 कक्षा 11वीं और 12वीं के शिक्षकों के लिए आयोजित किया जाएगा।

बिहार में माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षक बनने के लिए STET एक महत्वपूर्ण पात्रता परीक्षा है। परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थी राज्य में आयोजित होने वाली शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल होने के लिए पात्र होते हैं। शिक्षक नियुक्ति परीक्षा का आयोजन बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की ओर से किया जाता है।

करीब 11 महीने बाद फिर आवेदन

STET 2026 के आवेदन लगभग 11 महीने के अंतराल के बाद लिए जा रहे हैं। इससे पहले STET 2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया पिछले वर्ष 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चली थी। इसके बाद परीक्षा का आयोजन 14 अक्टूबर से 16 नवंबर के बीच किया गया था।

STET 2025 की परीक्षा राज्य के नौ जिलों में बनाए गए 23 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी। परीक्षा में कुल 29 विषयों को शामिल किया गया था और परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट यानी CBT मोड में हुई थी।

2025 में 2.56 लाख अभ्यर्थी हुए सफल

STET 2025 में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा में करीब 2.56 लाख अभ्यर्थी सफल हुए थे। अब STET 2026 के आवेदन की तारीख सामने आने के बाद शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच एक बार फिर हलचल बढ़ गई है।

अभ्यर्थियों को आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय पर ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी जा रही है। साथ ही आवेदन फॉर्म भरते समय व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और दस्तावेजों की जानकारी सावधानी से भरनी होगी।

STET 2026 के संबंध में विस्तृत विज्ञापन जारी होने के बाद परीक्षा की पूरी प्रक्रिया, पात्रता, विषयवार जानकारी, आवेदन शुल्क और संभावित परीक्षा कार्यक्रम की तस्वीर और साफ हो जाएगी।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post