पटना में बुधवार, 12 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बिहार मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में युवाओं के रोजगार, कौशल विकास, बिजली, उच्च शिक्षा, शहरी विकास और सरकारी सेवाओं से जुड़े कुल 10 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन फैसलों से राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र में भी कई योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।
221 पदों के सृजन को मंजूरी
ऊर्जा विभाग के प्रस्ताव पर बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के अंतर्गत ग्रिड उपकेंद्र कार्यालयों और पूर्व निर्धारित योजनाओं के अनुसार कुल 221 पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई है। इनमें सहायक कार्यपालक अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता, प्रधान अभियंता, अग्रज तथा तकनीकी कोटि-I, II और III के पद शामिल हैं। इन पदों के सृजन से विद्युत क्षेत्र में मानव संसाधन मजबूत होने की उम्मीद है।
सोलर योजना के लिए ₹1000 करोड़
कैबिनेट ने प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत आवासीय उपभोक्ताओं को केंद्रांश के अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। राज्य सरकार की ओर से पात्र उपभोक्ताओं को अधिकतम 10 हजार से 20 हजार रुपये तक की अतिरिक्त सहायता प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से दी जाएगी। इसके लिए एक वर्ष में कुल 1000 करोड़ रुपये के अनुमानित खर्च को स्वीकृति मिली है। सरकार के इस कदम से घरों में रूफटॉप सोलर लगाने को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
युवाओं के लिए कौशल विकास योजना को विस्तार
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के प्रस्ताव के तहत बिहार कौशल विकास मिशन द्वारा संचालित कुशल युवा कार्यक्रम को वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक विस्तारित करने का फैसला लिया गया है। योजना के कार्यान्वयन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में करीब 430.0833 करोड़ रुपये के अनुमानित खर्च को मंजूरी दी गई है। इससे युवाओं को रोजगार से जुड़ी आवश्यक दक्षताएं विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में बदलाव
राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में नामांकन प्रक्रिया में संशोधन और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में कुल स्वीकृत सीटों के 50 प्रतिशत पर नामांकन बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद, पटना के माध्यम से कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
उच्च शिक्षा के लिए अहम फैसले
बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना 2026-31 को मजबूत करने और अगले पांच वर्षों तक विस्तार देने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 950 करोड़ रुपये के व्यय की स्वीकृति दी गई। इसके अलावा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और NCTE के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राज्य के करीब 300 से अधिक स्टैंड-अलोन B.Ed. संस्थानों को बहुविषयक डिग्री महाविद्यालयों में रूपांतरित करने और शैक्षणिक सुदृढ़ीकरण को भी मंजूरी दी गई।
वहीं, शहरी विकास एवं आवास विभाग ने ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप क्षेत्रों में भूमि के क्रय-विक्रय/हस्तांतरण से संबंधित मामलों में घटनाोत्तर स्वीकृति देने का प्रस्ताव मंजूर कराया। संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग से जुड़े भारतनेट के राइट ऑफ वे समझौते के एडेंडम पर हस्ताक्षर को भी स्वीकृति दी गई।
इसके अलावा नगर निकायों में गैस उपयोग को बढ़ावा देने से जुड़े प्रस्ताव और सामान्य प्रशासन विभाग में संविदा के आधार पर नियुक्ति से संबंधित प्रस्तावों को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी। सरकार के इन फैसलों को रोजगार, शिक्षा, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

