thedailybihar.com


 

बांका: बिहार के बांका जिले की रहने वाली जानू कुमारी ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जानू का चयन दक्षिण कोरिया सरकार की प्रतिष्ठित ग्लोबल कोरिया स्कॉलरशिप (GKS) के लिए हुआ है। इस स्कॉलरशिप के तहत उन्हें करीब 96 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। अब वह दक्षिण कोरिया की सन मून यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल रिलेशंस में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई करेंगी।

जानू कुमारी एक मध्यमवर्गीय परिवार से आती हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा बांका के सालेमपुर हाईस्कूल से पूरी की। इसके बाद भागलपुर के शारदा झुनझुनवाला महिला महाविद्यालय से ग्रेजुएशन किया। परिवार के सहयोग और लगातार तीन वर्षों की मेहनत के बाद उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।

क्या है ग्लोबल कोरिया स्कॉलरशिप?

ग्लोबल कोरिया स्कॉलरशिप दक्षिण कोरिया सरकार की प्रमुख छात्रवृत्ति योजनाओं में शामिल है। इसके जरिए दुनिया के अलग-अलग देशों के प्रतिभाशाली छात्रों को कोरिया में उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर दिया जाता है। स्कॉलरशिप में हवाई यात्रा का खर्च, कोरियन भाषा प्रशिक्षण, यूनिवर्सिटी की ट्यूशन फीस और निर्धारित अवधि के लिए स्टडी सपोर्ट जैसी सुविधाएं शामिल होती हैं।

कैसे होता है चयन?

GKS के लिए उम्मीदवार Embassy Track या University Track के जरिए आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद शैक्षणिक रिकॉर्ड, दस्तावेज, अध्ययन योजना और अन्य योग्यताओं की जांच होती है। चयन प्रक्रिया में इंटरव्यू भी शामिल होता है। इसके बाद आवेदन की समीक्षा संबंधित संस्थाओं और कोरियाई विश्वविद्यालय द्वारा की जाती है।

जानू कुमारी की यह सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि बांका और पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post