thedailybihar.com

 



नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा पैलेट गन के इस्तेमाल पर तत्काल रोक लगाने से सुप्रीम कोर्ट ने इनकार कर दिया है। हालांकि, अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार को पैलेट गन के इस्तेमाल से जुड़े नियमों और दिशा-निर्देशों को रिकॉर्ड पर रखने का निर्देश दिया है। साथ ही छात्र आंदोलन के दौरान जंतर-मंतर पर तैनात रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के गोला-बारूद का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने को कहा गया है।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने गुरुवार को मामले की सुनवाई की। याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता वृंदा ग्रोवर ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने अदालत से इस तरह के हथियार के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की।

पीठ ने हालांकि कहा कि याचिका में पैलेट गन के इस्तेमाल से जुड़े मौजूदा दिशा-निर्देशों को सीधे चुनौती नहीं दी गई है। ऐसे में इसके इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग फिलहाल अस्पष्ट है। अदालत ने यह भी कहा कि ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट (BPR&D) की एडवाइजरी के अनुसार असाधारण परिस्थितियों में पुलिस को पैलेट गन के इस्तेमाल की अनुमति दी गई है।

सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची ने सवाल उठाया कि यदि किसी प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज या आंसू गैस जैसे उपायों से हिंसा को नियंत्रित नहीं किया जा सके, तो ऐसी स्थिति में पैलेट गन के इस्तेमाल पर पूर्ण रोक किस तरह लगाई जा सकती है। अदालत ने संकेत दिया कि इस विषय पर व्यापक दिशा-निर्देश और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर विचार करना आवश्यक होगा।

पैलेट गन के नियम रिकॉर्ड पर रखने का निर्देश

वरिष्ठ अधिवक्ता वृंदा ग्रोवर ने कहा कि पैलेट गन के इस्तेमाल की अनुमति से जुड़े नियम और दिशा-निर्देश सार्वजनिक डोमेन में आसानी से उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने अदालत से केंद्र सरकार को संबंधित नियमों को रिकॉर्ड पर रखने का निर्देश देने का आग्रह किया।

इसके बाद पीठ ने केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को पैलेट गन के इस्तेमाल से संबंधित नियमों और दिशा-निर्देशों को अदालत के रिकॉर्ड पर रखने को कहा।

ग्रोवर ने अदालत के सामने दावा किया कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान मैटेलिक पैलेट का इस्तेमाल किया गया और कुछ युवाओं के शरीर से धातु के छर्रे निकाले गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका सवाल यह नहीं है कि RAF के शस्त्रागार में पैलेट गन होनी चाहिए या नहीं, बल्कि चिंता इसके इस्तेमाल के तरीके और परिस्थितियों को लेकर है।

इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह किसी खास घटना में पैलेट के इस्तेमाल की जांच के खिलाफ नहीं है। अदालत के इस रुख से संकेत मिलता है कि किसी विशेष घटना में पैलेट गन के इस्तेमाल की परिस्थितियों और उसकी वैधता की अलग से जांच की जा सकती है।

फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने पैलेट गन के इस्तेमाल पर अंतरिम रोक नहीं लगाई है, लेकिन केंद्र से नियमों को रिकॉर्ड पर मंगाने और संबंधित सामग्री सुरक्षित रखने के निर्देश देकर मामले की आगे की सुनवाई के लिए रास्ता साफ किया है।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post