पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में इस बार मुकाबला सिर्फ राजनीतिक दलों के बीच नहीं, बल्कि उम्मीदवारों की आर्थिक हैसियत को लेकर भी चर्चा में है। नामांकन पत्र के साथ दाखिल शपथपत्रों के अनुसार जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) चार प्रमुख उम्मीदवारों में सबसे अधिक संपत्ति वाले प्रत्याशी हैं। उनकी घोषित कुल संपत्ति करीब 197.99 करोड़ रुपये है, जो भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा की संपत्ति से लगभग 950 गुना अधिक है।
हलफनामे के मुताबिक प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी के नाम पर चल और अचल संपत्तियों को मिलाकर लगभग 198 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है। दिलचस्प बात यह है कि करोड़ों की संपत्ति होने के बावजूद पीके के नाम पर कोई निजी कार दर्ज नहीं है। उनकी संपत्तियों में पटना, दिल्ली, गाजियाबाद, बक्सर, रोहतास, नोएडा और गुवाहाटी में जमीन, मकान और फ्लैट शामिल हैं। वहीं उनकी फिक्स्ड डिपॉजिट भी करोड़ों रुपये की है।
प्रशांत किशोर की एक और खास बात यह है कि उनकी कंपनी Vedhas Ventures Private Limited ने वर्ष 2024-25 के दौरान जन सुराज पार्टी को 85 करोड़ रुपये का दान दिया है। इसके अलावा जन सुराज फाउंडेशन को भी आर्थिक सहायता दी गई है। हालांकि उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में आठ आपराधिक मामले भी दर्ज हैं, जिनमें सरकारी कार्य में बाधा, दंगा और आपराधिक साजिश जैसे आरोप शामिल हैं।
वहीं भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा की कुल घोषित संपत्ति 20.28 लाख रुपये है। 32 वर्षीय नीरज के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। उनकी अचल संपत्ति करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। सामान्य परिवार से आने वाले नीरज लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं और पार्टी ने अंतिम समय में उन्हें उम्मीदवार बनाया है।
राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता ने भी अपनी संपत्ति का ब्योरा शपथपत्र में दिया है। उनके नाम पर चल और अचल संपत्तियां दर्ज हैं। हलफनामे के अनुसार उनके पास करीब 90 हजार रुपये कीमत की लाइसेंसी राइफल भी है, जो चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी ने भी अपनी संपत्ति और अन्य विवरण निर्वाचन आयोग को सौंप दिए हैं।
बांकीपुर उपचुनाव में राजनीतिक समीकरणों के साथ उम्मीदवारों की आर्थिक स्थिति भी मतदाताओं के बीच चर्चा का विषय बन गई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि करोड़ों की संपत्ति रखने वाले उम्मीदवारों और सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले प्रत्याशियों में जनता किस पर भरोसा जताती है।
हैशटैग:
#BankipurByElection #PrashantKishor #BiharPolitics #Bankipur #BiharNews #Election2026 #JanSuraaj #BJP #Patna #DailyBihar
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

