thedailybihar.com


पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नीरज कुमार सिन्हा को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है। पहले पार्टी ने अभिषेक सिन्हा उर्फ बंटी को टिकट दिया था, लेकिन नामांकन दाखिल करने के अगले ही दिन उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। इसके बाद भाजपा ने संगठन से लंबे समय से जुड़े नीरज कुमार सिन्हा पर भरोसा जताया है।

नीरज कुमार सिन्हा का जन्म 1 जुलाई 1994 को पटना में हुआ। उनके पिता स्वर्गीय ध्रुव कुमार और माता स्वर्गीय सरोज देवी हैं। उन्होंने स्नातक (बी.ए.) तक की शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में उनका निवास पटना के मीठापुर बी एरिया, पोस्ट ऑफिस के पास है। वे अविवाहित हैं।

नीरज सिन्हा का राजनीतिक सफर काफी लंबा रहा है। वर्ष 2006 में उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद उन्होंने संगठन में लगातार विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। सबसे पहले वे नरेंद्र भारती मंडल में बूथ अध्यक्ष बने। बाद में मंडल महामंत्री की जिम्मेदारी संभाली और फिर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला उपाध्यक्ष भी रहे।

संगठन में उनकी सक्रियता और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें नरेंद्र भारती मंडल का अध्यक्ष बनाया गया। वे दो बार मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में भी इसी पद पर कार्यरत हैं। भाजपा नेताओं के अनुसार, नीरज संगठन के समर्पित और जमीनी कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने वर्षों तक पार्टी के विस्तार और संगठन को मजबूत करने का काम किया है।

नीरज कुमार सिन्हा का परिवार भी लंबे समय से जनसंघ और भाजपा की विचारधारा से जुड़ा रहा है। उनके चाचा स्वर्गीय नरेंद्र भारती जनसंघ काल के सक्रिय कार्यकर्ता थे। वर्ष 1984 में उनके निधन के बाद उनके सम्मान में संबंधित मंडल का नाम 'नरेंद्र भारती मंडल' रखा गया।

बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद बनने के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर उपचुनाव को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा ने पहले अभिषेक सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उनके चुनाव मैदान से हटने के बाद पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को टिकट देकर चुनावी रणनीति में बदलाव किया।

अब बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा की ओर से नीरज कुमार सिन्हा मैदान में होंगे। पार्टी को उम्मीद है कि संगठन में उनके लंबे अनुभव और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ का लाभ चुनाव में मिलेगा। वहीं विपक्ष भी इस सीट पर जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगा रहा है, जिससे यह उपचुनाव काफी दिलचस्प होने की संभावना है।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post