पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ा फैसला लेते हुए अपने उम्मीदवार को बदल दिया है। पहले पार्टी ने अभिषेक सिन्हा उर्फ बंटी को प्रत्याशी बनाया था और उन्होंने गुरुवार को अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया था। लेकिन नामांकन के महज एक दिन बाद ही उन्होंने चुनाव लड़ने से पीछे हटने का फैसला कर लिया। इसके बाद बीजेपी ने तत्काल प्रभाव से नीरज कुमार सिन्हा को नया उम्मीदवार घोषित कर दिया।
बांकीपुर विधानसभा सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद बनने के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं और सभी प्रमुख दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हैं।
अभिषेक सिन्हा ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र सौंपकर चुनाव नहीं लड़ने की जानकारी दी। अपने पत्र में उन्होंने कहा कि पारिवारिक कारणों की वजह से वह विधानसभा उपचुनाव लड़ने में असमर्थ हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वह आगे भी एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन की सेवा करते रहेंगे।
हालांकि, राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को लेकर अलग-अलग चर्चाएं हैं। सूत्रों के अनुसार, अभिषेक सिन्हा के नामांकन पत्र में कुछ पारिवारिक जानकारियां सही तरीके से दर्ज नहीं होने की बात सामने आई थी। माना जा रहा है कि इसी वजह से उनका नामांकन रद्द होने की आशंका थी। पार्टी को डर था कि विपक्ष, खासकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और जन सुराज, इस मुद्दे को चुनावी हथियार बना सकते हैं। हालांकि, बीजेपी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बीजेपी ने अभिषेक की जगह नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। नीरज पिछले करीब 20 वर्षों से पार्टी संगठन से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्हें नितिन नवीन का करीबी भी माना जाता है। संगठन में लंबे अनुभव और सक्रिय भूमिका को देखते हुए पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है।
गौरतलब है कि गुरुवार को अभिषेक सिन्हा ने पूरे उत्साह के साथ नामांकन दाखिल किया था। उस दौरान उन्होंने कहा था कि पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है। नामांकन के मौके पर एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
उधर, राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार रेखा गुप्ता भी अपना नामांकन दाखिल कर चुकी हैं। वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर 13 जुलाई को नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन प्रक्रिया 13 जुलाई तक जारी रहेगी और अब तक तीन उम्मीदवार अपना पर्चा दाखिल कर चुके हैं।
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में बीजेपी द्वारा उम्मीदवार बदलने के फैसले ने चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि नया उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा चुनावी मैदान में पार्टी के लिए कितना प्रभावी प्रदर्शन कर पाते हैं।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

