नालंदा: जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छह में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नालंदा जिले के विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST-2027) के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है।
नवोदय विद्यालय समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा छह में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी। इसमें मानसिक क्षमता, अंकगणित और भाषा विषयों से कुल 80 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। विद्यार्थियों के लिए राहत की बात यह है कि इसमें किसी प्रकार की निगेटिव मार्किंग नहीं होगी। वहीं, दिव्यांग अभ्यर्थियों को परीक्षा में 40 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
जवाहर नवोदय विद्यालय देश के प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में शामिल हैं। यहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ छात्रावास, भोजन, पाठ्यपुस्तकें, गणवेश, खेलकूद और अन्य आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। यही कारण है कि हर वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होते हैं।
नामांकन के लिए वही विद्यार्थी पात्र होंगे जो वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से कक्षा पांच में अध्ययनरत हैं। इसके अलावा अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए। आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए कक्षा तीन, चार और पांच की नियमित पढ़ाई पूरी करना भी अनिवार्य है। साथ ही, आवेदक का नालंदा जिले का वास्तविक निवासी होना आवश्यक है।
ऑनलाइन आवेदन के दौरान विद्यार्थियों को अपना पासपोर्ट आकार का फोटो, हस्ताक्षर तथा आवश्यक प्रमाण-पत्र अपलोड करने होंगे। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि तकनीकी समस्याओं से बचा जा सके।
नवोदय विद्यालयों में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए कम से कम 75 प्रतिशत सीटें आरक्षित रहती हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग अभ्यर्थियों तथा छात्राओं को भी नियमानुसार आरक्षण का लाभ दिया जाता है। विशेष प्रावधान के तहत विद्यालय में कम से कम एक-तिहाई सीटें छात्राओं के लिए सुरक्षित रखी गई हैं।
चयन परीक्षा के परिणाम मार्च 2027 के अंत तक घोषित किए जाने की संभावना है। सफल अभ्यर्थियों का प्रवेश जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए किया जाएगा। ऐसे में नालंदा जिले के इच्छुक विद्यार्थी समय पर आवेदन कर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

