मुजफ्फरपुर: जिले के रहीमपुर रक्सा गांव में महज 2 हजार रुपये के लेन-देन के विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय संजय पासवान के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उसके चचेरे भाई सीताराम पासवान उर्फ राजा पर है, जिसे ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह संजय और सीताराम गांव के चौर में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान 2 हजार रुपये को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। शाम तक विवाद इतना बढ़ गया कि सीताराम ने संजय की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने से संजय की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है।
संजय की शादी चार साल पहले हुई थी। उसकी कोई संतान नहीं थी और वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है।
थानाध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। वहीं, एसडीपीओ मनोज कुमार ने कहा कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

