पटना में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को झंडा फहराने के बहाने बुलाया गया था और इसके बाद उसके सिर में गोली मार दी गई। वारदात बाढ़ अनुमंडल के सालिमपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान खुसरूपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर निवासी 26 वर्षीय वीरू कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वीरू को शाहपुर गांव बुलाया गया था। इसी दौरान किसी विवाद के बाद उसके सिर में गोली मार दी गई। गोली लगने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सालिमपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल की जांच कर आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।
हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीरू को किसने और किस उद्देश्य से शाहपुर बुलाया था। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

