thedailybihar.com


बिहार के सीवान से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते और उसे अर्धनग्न अवस्था में गांव में घुमाते हुए देखा जा सकता है। घटना सीवान थाना क्षेत्र के उज्जैन गांव की बताई जा रही है।

वायरल वीडियो में जिस व्यक्ति के साथ मारपीट की जा रही है, उसकी पहचान संतोष सिंह के रूप में बताई जा रही है। आरोप है कि संतोष सिंह ने सोशल मीडिया पर डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर एक टिप्पणी की थी। इसके बाद कुछ लोग कथित तौर पर उनके घर पहुंचे और उनके साथ मारपीट की।

पीड़ित संतोष सिंह का कहना है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर केवल इतना कहा था कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की शिक्षा में स्वर्ण समाज के कुछ लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके मुताबिक, इस टिप्पणी के बाद अचानक कई लोग उनके घर पहुंच गए और उनके साथ मारपीट करने लगे।

इसके बाद उन्हें अर्धनग्न कर गांव में घुमाए जाने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

भारत में महात्मा गांधी और भगवान श्रीराम जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक व्यक्तित्वों पर भी अलग-अलग विचार और आलोचनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में किसी सोशल मीडिया टिप्पणी के जवाब में कानून हाथ में लेकर मारपीट करना गंभीर सवाल खड़े करता है।

फिलहाल घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि विवाद की पूरी वजह क्या थी और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post