पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया में एक सरकारी शिक्षिका की उसके 9 वर्षीय बेटे के सामने गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शालिनी के रूप में हुई है। वह अररिया जिले के रानीगंज में सरकारी शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। घटना के बाद आरोपी पति राजकुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
घटना पूर्णिया के के. हाट थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। शालिनी अपने पति और दो बच्चों के साथ कॉलेज चौक के पास किराए के मकान में रहती थीं। उनके पति राजकुमार कॉपरेटिव बैंक में कार्यरत बताए जा रहे हैं।
परिजनों के मुताबिक, रविवार देर शाम पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान कथित तौर पर राजकुमार ने पिस्टल निकाल ली और शालिनी को गोली मार दी। घटना के समय उनका 9 वर्षीय बेटा घर में मौजूद था।
परिजनों के अनुसार, बच्चे ने घटना के बाद फोन कर रोते हुए परिवार को इसकी जानकारी दी। बच्चे ने बताया कि विवाद के दौरान उसके पिता ने गुस्से में कहा था कि आज “सारा खेल खत्म कर दूंगा।” इसके बाद उन्होंने पिस्टल निकालकर मां पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद शालिनी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं।
परिजन आनन-फानन में उन्हें जीएमसीएच पूर्णिया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस पारिवारिक विवाद को हत्या की वजह मानकर चल रही है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

