thedailybihar.com

 


जाले: दरभंगा जिले के जाले प्रखंड के ब्रह्मपुर पूर्वी पंचायत के बरैल गांव निवासी मो. शाहिद रजा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) असिस्टेंट कमांडेंट परीक्षा-2025 में शानदार सफलता हासिल कर गांव और पूरे मिथिला का नाम रोशन किया है। शाहिद रजा ने ऑल इंडिया मेरिट लिस्ट में 161वीं रैंक हासिल की है।

शाहिद रजा मौलाना मुख्तार और राजीना खातून के पुत्र हैं। उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने शाहिद को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

350 अभ्यर्थियों का हुआ चयन

संघ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल असिस्टेंट कमांडेंट परीक्षा देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल है। वर्ष 2025 की परीक्षा में देशभर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा के परिणाम में कुल 350 अभ्यर्थियों का चयन असिस्टेंट कमांडेंट के पद के लिए किया गया है।

शाहिद रजा ने इस परीक्षा में 161वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। चयन के बाद उन्हें देश के प्रमुख अर्धसैनिक बलों में असिस्टेंट कमांडेंट के रूप में सेवा करने का अवसर मिलेगा।

इन बलों में मिल सकती है जिम्मेदारी

चयनित अभ्यर्थियों को BSF, CRPF, CISF, ITBP और SSB जैसे केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर नियुक्ति मिलती है। यह पद ग्रुप-ए राजपत्रित अधिकारी का होता है और इसमें देश की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभानी होती हैं।

शाहिद की सफलता से बरैल गांव के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शाहिद ने अपनी मेहनत से युवाओं के सामने सफलता की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post