दरभंगा। बिहार के दरभंगा में एक दंपती के बीच विवाद का मामला सामने आया है। कमतौल क्षेत्र के रहने वाले करीब 30 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी 24 वर्षीय पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसएसपी को लिखित शिकायत दी है। पत्नी होमगार्ड जवान है। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी थाना के एक निजी चालक के संपर्क में आने के बाद उससे अलग रहने लगी और अब उसके साथ लिव-इन में रह रही है। हालांकि, महिला ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
शिकायतकर्ता पति के मुताबिक, उसकी शादी वर्ष 2016 में हुई थी। उसका कहना है कि वह मजदूरी करता है और उसने अपनी पत्नी की पढ़ाई में आर्थिक मदद की। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराने के बाद पत्नी वर्ष 2025 में होमगार्ड के पद पर बहाल हुई। पति का दावा है कि पत्नी की पोस्टिंग पहले ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय थाना और बाद में मब्बी थाना में हुई थी।
पति ने आरोप लगाया कि मब्बी थाना में ड्यूटी के दौरान उसकी पत्नी की एक निजी चालक से नजदीकी बढ़ी और पिछले करीब 7-8 महीने से वह परिवार से अलग रह रही है। उसका यह भी आरोप है कि पत्नी उससे और अपने छह वर्षीय बेटे से बातचीत नहीं करती। शिकायत में उसने धमकी दिए जाने की बात भी कही है।
वहीं, महिला होमगार्ड ने पति के सभी आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि वह नौकरी के कारण घर से बाहर रहती है और इसी वजह से गांव के कुछ लोगों ने उसके पति को भड़का दिया है। महिला ने कहा कि उसका किसी अन्य व्यक्ति के साथ कोई अवैध संबंध नहीं है और वह अपने पति तथा बच्चे के साथ ही रह रही है।
महिला ने बताया कि मब्बी थाना में उसकी ड्यूटी करीब 20-25 दिन ही थी। वहां सभी सहकर्मियों से बातचीत होती थी। जिस चालक पर पति ने आरोप लगाया है, उसे उसने भाई जैसा बताया।
आरोपों में नाम आने वाले चालक ने भी किसी तरह के संबंध से इनकार किया है। उसने कहा कि उसे साजिश के तहत बदनाम किया जा रहा है। चालक के मुताबिक वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।
सिटी एसपी अशोक चौधरी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और संबंधित थाना को जांच के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

