बिहार सरकार ने 22 अगस्त 2026 को 23 आईएएस अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी की है। तबादले में 2022 और 2023 बैच के अधिकारियों के साथ 2024 बैच के प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। कई अनुमंडल पदाधिकारियों को हटाकर जिला परिषदों में उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (DDC-cum-CEO), जबकि कुछ अधिकारियों को नगर आयुक्त और विभागीय निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस तबादले में 2024 बैच के 12 आईएएस अधिकारियों को खास तौर पर फील्ड पोस्टिंग दी गई है। इन अधिकारियों ने लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी में व्यावसायिक प्रशिक्षण चरण-II पूरा किया है। प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद उन्हें पहली महत्वपूर्ण फील्ड जिम्मेदारी मिली है।
2023 बैच की आईएएस अधिकारी गरिमा लोहिया को बाढ़, पटना के अनुमंडल पदाधिकारी पद से हटाकर दरभंगा नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं अनिरुद्ध पाण्डेय को दानापुर के एसडीओ पद से स्थानांतरित कर पूर्णिया नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है।
तुषार कुमार को पूर्णिया के एसडीओ पद से हटाकर मधुबनी जिला परिषद का डीडीसी-सह-सीईओ बनाया गया है। आकांक्षा आनंद को मुजफ्फरपुर पश्चिम की एसडीओ जिम्मेदारी से हटाकर रोहतास के सासाराम जिला परिषद का डीडीसी बनाया गया है। रोहित कर्दम को नौगछिया से स्थानांतरित कर कैमूर जिला परिषद का डीडीसी बनाया गया है।
इसी तरह शिक्षा विजयकुमार चौधरी को आरा सदर से हटाकर जमुई जिला परिषद का डीडीसी, डॉ. नेहा कुमारी को सासाराम से हटाकर कटिहार जिला परिषद का डीडीसी और श्रेया श्री को सामान्य प्रशासन विभाग में योगदान के बाद खगड़िया जिला परिषद का डीडीसी-सह-सीईओ बनाया गया है।
प्रद्युम्न सिंह यादव को कटिहार के एसडीओ पद से हटाकर उद्योग विभाग के खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय का निदेशक बनाया गया है। अंजली शर्मा को अरेराज, पूर्वी चंपारण की एसडीओ जिम्मेदारी से हटाकर समाज कल्याण विभाग में निदेशक, निःशक्तता बनाया गया है। कृष्ण चन्द्र गुप्ता को कहलगांव से स्थानांतरित कर महानिरीक्षक, निबंधन, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार के इस फेरबदल से प्रशासनिक स्तर पर कई जिलों और नगर निगमों में अधिकारियों की नई टीम तैयार हुई है। खासकर 2024 बैच के अधिकारियों की फील्ड पोस्टिंग को प्रशासनिक अनुभव हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

