सहरसा जिले के तुलसियाही वार्ड-1 की एक साधारण सी गली इन दिनों पूरे इलाके के लिए गर्व का कारण बनी हुई है। यहां एक छोटे से किराना दुकान चलाने वाले रोहित कुमार के घर लगातार लोगों का आना-जाना लगा है। कोई मिठाई लेकर पहुंच रहा है तो कोई बच्चों को बधाई देने। वजह है इस परिवार के तीनों बेटे-बेटी का एक साथ NEET-2026 परीक्षा में सफलता हासिल करना।
आर्थिक रूप से साधारण परिवार से आने वाले रजनीश कुमार, साक्षी कुमारी और प्रहलाद कुमार ने अपनी मेहनत के दम पर मेडिकल की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाने वाली NEET में सफलता प्राप्त की है। बड़े भाई रजनीश कुमार ने ऑल इंडिया रैंक 3122, बहन साक्षी कुमारी ने 9672 और सबसे छोटे भाई प्रहलाद कुमार ने 26751 रैंक हासिल की है। अब तीनों Switch बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
घर के बाहर खड़ी छोटी-सी किराना दुकान इस परिवार के संघर्ष की गवाह है। इसी दुकान की कमाई से पिता रोहित कुमार ने बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाया। सीमित आय होने के बावजूद उन्होंने कभी बच्चों की शिक्षा में कोई समझौता नहीं किया। मां पूनम देवी गृहिणी हैं और उन्होंने घर की जिम्मेदारियों के साथ बच्चों को पढ़ाई के लिए हमेशा प्रेरित किया।
रजनीश बताते हैं कि यह सफलता एक दिन में नहीं मिली। पिछले तीन वर्षों से लगातार मेहनत, नियमित पढ़ाई और आत्मविश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। उनके अनुसार, सबसे बड़ी खुशी यह है कि तीनों भाई-बहन एक साथ सफल हुए हैं।
सबसे छोटे भाई प्रहलाद कहते हैं कि वह रोजाना 10 से 12 घंटे पढ़ाई करते थे। उनका मानना है कि सफलता के लिए अनुशासन सबसे जरूरी है। वहीं साक्षी बताती हैं कि सामान्य दिनों में वह 8 से 10 घंटे पढ़ाई करती थीं, जबकि परीक्षा नजदीक आने पर यह समय बढ़कर 13 घंटे तक पहुंच जाता था।
परिवार की इस उपलब्धि पर पूरे मोहल्ले में खुशी का माहौल है। पड़ोसी इसे इलाके के बच्चों के लिए प्रेरणा मान रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद इस परिवार ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, धैर्य और मजबूत इरादे किसी भी आर्थिक चुनौती से बड़े होते हैं।
सहरसा के इस छोटे से घर से निकली यह कहानी केवल तीन छात्रों की सफलता नहीं, बल्कि उन हजारों परिवारों के लिए उम्मीद का संदेश है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने बच्चों के सपनों को उड़ान देने की कोशिश कर रहे हैं।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...




