पटना: 25 जुलाई को प्रस्तावित 'बिहार बंद' को लेकर पटना जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को जिलाधिकारी (डीएम) कुंदन कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी भी तरह की हिंसा, तोड़फोड़ या सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम कुंदन कुमार ने बताया कि बिहार बंद से पहले छात्र नेताओं के साथ बैठक कर प्रदर्शन को लेकर चर्चा की गई है। प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे अपनी मांगों को शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन के लिए केवल गर्दनीबाग धरना स्थल की अनुमति दी गई है। इसके अलावा राजधानी के किसी अन्य स्थान पर धरना या प्रदर्शन की इजाजत नहीं होगी।
डीएम ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और शहर में सामान्य जनजीवन बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अस्पतालों, स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
वहीं एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि हाल के छात्र आंदोलनों के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी। ऐसे लोगों की पहचान वीडियो फुटेज, सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। उन्होंने बताया कि कई संदिग्धों की तस्वीरें सार्वजनिक की जा चुकी हैं और कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
एसएसपी ने दोहराया कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पुलिसकर्मियों या आम लोगों पर हमला करने तथा कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे सभी मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने अभिभावकों, शिक्षकों और कोचिंग संस्थानों के संचालकों से भी अपील की है कि वे छात्रों को शांतिपूर्ण और जिम्मेदार तरीके से अपनी बात रखने के लिए प्रेरित करें। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अफवाह या उकसावे में आकर कानून हाथ में न लें।
पटना प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण विरोध का सम्मान किया जाएगा, लेकिन हिंसा, उपद्रव और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

