नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने बताया है कि उन्हें टाइफाइड हो गया है और फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। इसके बावजूद उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन किसी भी स्थिति में नहीं रुकेगा।
शनिवार को सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में अभिजीत दिपके ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी, जांच के बाद डॉक्टरों ने टाइफाइड की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के कारण वह उपचार ले रहे हैं, लेकिन इससे आंदोलन की रफ्तार पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
दिपके ने देशभर में प्रदर्शन कर रहे CJP के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि उनकी प्रतिबद्धता और संघर्ष ने आंदोलन को लगातार मजबूत बनाए रखा है। उन्होंने सभी से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।
उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शुरू किया गया यह अभियान अपने लक्ष्य तक जरूर पहुंचेगा। दिपके ने कहा कि आंदोलन किसी एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि लाखों छात्रों और युवाओं की भावनाओं से जुड़ा है, इसलिए इसे रोका नहीं जा सकता।
CJP की ओर से पिछले कुछ समय से शिक्षा व्यवस्था और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर विभिन्न राज्यों में विरोध-प्रदर्शन किए जा रहे हैं। अभिजीत दिपके के बीमार होने के बावजूद संगठन ने साफ किया है कि आंदोलन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा।
Follow @Dailybiharliveआप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...

