thedailybihar.com

 


पटना: छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज मामले में जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेऊर केंद्रीय कारा भेजे जाने के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। तेज प्रताप की पार्टी ने उनकी गिरफ्तारी को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए तत्काल रिहाई की मांग की है। वहीं, उनके वकील ने सोमवार को अदालत में जमानत याचिका दाखिल करने की बात कही है।

सीने में दर्द की शिकायत, अस्पताल वार्ड में रखा गया

जेल प्रशासन के अनुसार बेऊर जेल पहुंचने के बाद तेज प्रताप यादव ने सीने में तकलीफ की शिकायत की। इसके बाद उन्हें सामान्य बैरक में रखने के बजाय जेल के अस्पताल वार्ड में शिफ्ट किया गया। जेल प्रशासन का कहना है कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक चिकित्सकीय निगरानी की जा रही है।

जेल सूत्रों के मुताबिक शनिवार रात उन्हें जेल मैनुअल के अनुसार भोजन दिया गया, लेकिन उन्होंने खाने से इनकार कर दिया। रविवार सुबह नाश्ता भी नहीं किया। दोपहर में भी उन्होंने शुरुआत में भोजन लेने से मना किया। बाद में अधिकारियों के समझाने पर उन्होंने रोटी, चावल और थोड़ी सब्जी खाई।

गिरफ्तारी पर JJD ने उठाए सवाल

JJD के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी मिशाल सिन्हा ने आरोप लगाया कि बिहार बंद के दौरान तेज प्रताप छात्रों की मांगों के समर्थन में अपनी बात रख रहे थे। पार्टी का दावा है कि उन्हें बिना उचित प्रक्रिया के हिरासत में लिया गया। JJD ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए सभी मुकदमे वापस लेने और तेज प्रताप को रिहा करने की मांग की है।

पार्टी ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने कार्रवाई वापस नहीं ली तो वह लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से व्यापक आंदोलन करेगी।

किन आरोपों में हुई गिरफ्तारी?

तेज प्रताप यादव के खिलाफ गांधी मैदान थाने में दर्ज प्राथमिकी में बिहार बंद के दौरान हिंसक प्रदर्शन में शामिल होने, प्रदर्शनकारियों को उकसाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी काम में बाधा डालने जैसे आरोप लगाए गए हैं। इन्हीं मामलों में उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

वहीं, तेज प्रताप के अधिवक्ता जगन्नाथ सिंह ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसमें कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सोमवार को अदालत में जमानत याचिका दाखिल की जाएगी।

फिलहाल तेज प्रताप यादव बेऊर जेल के अस्पताल वार्ड में हैं और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर जेल प्रशासन की निगरानी जारी है। दूसरी ओर, उनकी गिरफ्तारी को लेकर बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post