thedailybihar.com

 



पटना। बिहार में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और सार्वजनिक परिवहन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में परिवहन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। पटना, गया और मुजफ्फरपुर शहरों में चरणबद्ध तरीके से डीजल सिटी बसों का परिचालन बंद कर सिर्फ इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना बनाई गई है। विभाग का लक्ष्य मार्च 2027 तक राज्य के छह प्रमुख शहरों में 400 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने का है।

योजना के पहले चरण में पटना में 150, जबकि गया और मुजफ्फरपुर में 50-50 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी है। इसके अलावा भागलपुर, दरभंगा और पूर्णिया को भी 50-50 इलेक्ट्रिक बसें मिलने की योजना है। इस तरह छह शहरों में कुल 400 इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन प्रस्तावित है।

पटना में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी। खबर के मुताबिक, दिसंबर तक पटना में 50, गया में 25 और मुजफ्फरपुर में 25 पीएम इलेक्ट्रिक बसें चलने लगेंगी। अगले साल मार्च तक तीनों शहरों में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या दोगुनी करने का लक्ष्य रखा गया है।

परिवहन विभाग के अनुसार, 25 अगस्त तक मुख्यमंत्री 75 पीएम इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर सकते हैं। इसके बाद इन बसों को निर्धारित मार्गों पर उतारा जाएगा।

इस फैसले की पृष्ठभूमि में इन शहरों में बढ़ता वायु प्रदूषण भी प्रमुख कारण है। ठंड के मौसम में पटना, गया और मुजफ्फरपुर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 300 के पार पहुंच गया था। इसके बाद डीजल बसों को हटाने और इलेक्ट्रिक तथा सीएनजी बसों को प्राथमिकता देने की दिशा में कदम बढ़ाया गया।

सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक बसों के बढ़ते इस्तेमाल से शहरी क्षेत्रों में प्रदूषण कम करने के साथ-साथ लोगों को अधिक स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराया जा सकेगा।

#Bihar #BiharNews #Patna #Gaya #Muzaffarpur #ElectricBus #EBus #ElectricBuses #DieselBus #PublicTransport #BiharTransport #AirPollution #PollutionControl #GreenTransport #CleanTransport #EVBus #EV #PatnaNews #GayaNews #MuzaffarpurNews #BiharGovernment #TransportDepartment #ElectricMobility #CleanEnvironment


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post