thedailybihar.com



PATNA : पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार उर्फ बंटी ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने अपनी मां के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और जीत का भरोसा जताया।

नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में अभिषेक कुमार ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) को चुनावी चुनौती मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में है और जनता का समर्थन उन्हें मिलेगा।

अभिषेक कुमार के नामांकन के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी मौजूद रहे। हालांकि इस दौरान एक दिलचस्प वाकया भी देखने को मिला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी उम्मीदवार का नाम सही ढंग से नहीं बता पाए और बार-बार अभिषेक कुमार की जगह आशीष सिन्हा का नाम लेते रहे। आशीष सिन्हा, कुम्हरार के पूर्व विधायक अरुण सिन्हा के पुत्र हैं और बांकीपुर सीट से टिकट के प्रमुख दावेदारों में शामिल थे।

नामांकन के बाद एनडीए की ओर से स्काउट एंड गाइड मैदान में एक जनसभा आयोजित की जानी है, जिसमें गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

उधर, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता भी गुरुवार को गांधी मैदान स्थित समाहरणालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल करेंगी। वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर 11 जुलाई को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उनके अलावा अन्य राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के भी चुनाव मैदान में उतरने की संभावना है।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 13 जुलाई तक चलेगी। अब तक तीन उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं। आने वाले दिनों में प्रमुख दलों के उम्मीदवारों के मैदान में उतरने के साथ चुनावी मुकाबला और रोचक होने की उम्मीद है।


आप भी अपने गांव की समस्या घटना से जुड़ी खबरें हमें 7870192482 पर भेज सकते हैं...



Previous Post Next Post